
Akshara Singh Meets Bihar Health Minister : निशांत कुमार से भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अभिनेत्री ने उन्हें मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मुलाकात की जानकारी खुद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह से कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
निशांत कुमार ने बताया कि बातचीत के दौरान बिहार की तरक्की, क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के निर्माण और भोजपुरी सिनेमा को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सभी का उद्देश्य बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
इस मुलाकात के बाद राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यदि सरकार और फिल्म इंडस्ट्री मिलकर काम करे, तो भोजपुरी सिनेमा भी दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की तरह नई पहचान बना सकता है।

