
हैदराबाद : हैदराबाद में एक बच्ची के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। लोगों द्वारा पिटाई किए जाने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कुलसुमपुरा निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति ने नौ वर्षीय लड़की को कथित तौर पर गलत तरीके से छुआ, जिसे एक पड़ोसी ने देख लिया। पड़ोसी के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग गया था।
इसने कहा कि बाद में, लड़की के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने बृहस्पतिवार शाम व्यक्ति को धमकाया और पिटाई की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

