ICSE टॉपर शांभवी जायसवाल को झारखंड सरकार ने किया सम्मानित, मिला 1 लाख का पुरस्कार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: जमशेदपुर की होनहार छात्रा शांभवी जायसवाल को शुक्रवार को शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने सम्मानित किया। लोयोला स्कूल की इस प्रतिभावान छात्रा ने ICSE-2025 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल कर देशभर में टॉप किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मंत्री ने शांभवी को 1 लाख रुपये की प्रतिभा प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

झारखंड की शान बनी शांभवी

सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि शांभवी की सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, “ऐसी प्रतिभाएं राज्य की असली पहचान हैं। शांभवी की मेहनत और लगन हर छात्र के लिए प्रेरणा है। झारखंड सरकार होनहार विद्यार्थियों को हमेशा प्रोत्साहित करती रहेगी।”

शांभवी ने जताया आभार

सम्मान प्राप्त करने के बाद शांभवी ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उसने कहा, “मेरी सफलता का राज नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण है। मैं भविष्य में भी अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहती हूं।”

समारोह में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, झामुमो के वरिष्ठ नेता मोहन कार्माकर, शिक्षा विभाग के अधिकारी और शांभवी के परिजन मौजूद थे। मंत्री रामदास सोरेन ने समाज से अपील की कि शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाए।

Share This Article