महाराष्ट्र: साहिल वाकोडे के पिता को आजाद मैदान में प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति नहीं

आईआईटी-मुंबई छात्र साहिल वाकोडे की मौत को लेकर परिजनों और छात्रों का विरोध जारी है। पिता को आजाद मैदान में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली, अब परिसर जाने की योजना है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के छात्र साहिल वाकोडे के पिता को शनिवार को आजाद मैदान में प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने संस्थान के पवई परिसर जाने की योजना बनाई है। उनके वकील ने यह जानकारी दी। साहिल ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी। इससे पहले आईआईटी-मुंबई के छात्रों के एक समूह ने साहिल की मौत को लेकर जारी अपने आंदोलन को तेज करते हुए शुक्रवार को भूख हड़ताल शुरू की थी। छात्र, संस्थान के प्रशासन की जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

परिवार के वकील के अनुसार, पुलिस ने छात्र के पिता रवींद्र वाकोडे को आजाद मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी और वह आईआईटी-मुंबई जाने की योजना बना रहे हैं। वाकोडे दंपति ने अपने बेटे के लिए “न्याय” की मांग करते हुए और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला तथा आईआईटी-मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले सप्ताह भूख हड़ताल शुरू की थी। बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र 22 वर्षीय साहिल वाकोडे का शव 18 सितंबर को छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था।

इससे कुछ घंटे पहले उसे मध्य-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। साहिल के माता-पिता ने आरोप लगाया कि संस्थान में उनके बेटे को जाति आधारित भेदभाव का सामना करना पड़ा। रवींद्र वाकोडे की शिकायत के बाद पवई पुलिस ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।