पंजाब में सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार लोग हेरोइन, पिस्तौल के साथ गिरफ्तार

अमृतसर में सीमा पार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़े अभियान में पंजाब पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया और 10 किलो हेरोइन और 10 पिस्तौल बरामद कीं।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने हथियार और मादक पदार्थ की तस्करी के दो अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन एवं 10 अवैध पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने की। बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गल्लूवाल निवासी राजनप्रीत सिंह, घरिंडा की राजाताल कॉलोनी निवासी विजय, कंबोआ निवासी परसदीप सिंह उर्फ बिल्ला और अटारी के काहनगढ़ निवासी गुरमुख सिंह उर्फ बोड़ी के रूप में हुई है।

यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में रहने वाले तस्करों के संपर्क में थे और अवैध हथियार तथा मादक पदार्थ हासिल करने में शामिल थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसके पीछे एवं आगे के संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

अभियान का ब्योरा साझा करते हुए बार्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहली कार्रवाई में अवैध हथियारों की आपूर्ति के संबंध में मिली पुख्ता सूचना के आधार पर घरिंडा थाने की पुलिस टीम ने राजनप्रीत सिंह और विजय को रोककर गिरफ्तार किया तथा उनके पास से 10 अवैध पिस्तौल बरामद कीं।

उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने परसदीप सिंह उर्फ बिल्ला और गुरमुख सिंह उर्फ बोड़ी को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने कहा कि परसदीप कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर है और वह क्षेत्र में मादक पदार्थ का गिरोह चला रहा था।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण के घरिंडा थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।