दिल्ली के अमन विहार में नकली सामान बनाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

दिल्ली के अमन विहार इलाके में 'एंकर' ब्रांड के नकली उत्पाद बनाने और आपूर्ति करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में माल जब्त किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: दिल्ली के अमन विहार इलाके में ‘एंकर’ ब्रांड के नकली उत्पादों का निर्माण, ‘असेंबलिंग’ और आपूर्ति करने के आरोप में दो लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने बताया कि पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ‘एंकर’ ब्रांड के नकली उत्पादों के अवैध निर्माण और आपूर्ति के संबंध में दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रोहिणी के सेक्टर 21 स्थित एक परिसर में छापा मारा और दो आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नरेला निवासी कुशल (40) और बेगमपुर निवासी अभिषेक सिंह (36) के रूप में हुई है।

डीसीपी ने बताया कि परिसर से ‘एंकर’ ब्रांड के भारी मात्रा में नकली उत्पाद और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि कॉपीराइट अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ‘एंकर’ ब्रांड के नकली उत्पादों को ‘असेंबल’ और पैक करते थे तथा दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर उनकी आपूर्ति करते थे।”

डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि नकली सामान तैयार करने में इस्तेमाल किया जाने वाला कच्चा माल, पुर्जे और पैकेजिंग सामग्री वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गोदाम से खरीदा जाता था।

अधिकारी ने कहा कि इस खुलासे के बाद पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा और नकली सामान के निर्माण तथा ‘असेंबलिंग’ के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाला कच्चा माल, पुर्जे और अन्य वस्तुओं की और खेप बरामद की।

 

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।