JSSC CGL Paper Leak: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की टीम ने शुक्रवार को एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बोकारो जिले के हरला निवासी मिथिलेश कुमार पांडेय के रूप में हुई है।
सीआईडी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मिथिलेश पांडेय प्रश्नपत्र छापने वाली एजेंसी के मुख्य संचालक मिथिलेश सिंह का बेहद करीबी बताया जा रहा है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि उसने कथित तौर पर कई अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें परीक्षा के प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तारी के बाद सीआईडी की टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले गुरुवार को जांच एजेंसी ने मुख्य संचालक मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार रितेश को भी गिरफ्तार किया था। सीआईडी लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों के आधार पर पेपर लीक से जुड़े पूरे सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका को खंगालने में जुटी है।
सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि प्रश्नपत्र प्रिंटिंग से लेकर अभ्यर्थियों तक के हाथों में पहुँचने और इस पूरे खेल में हुए पैसों के लेनदेन से जुड़े सभी अहम पहलुओं का खुलासा हो सके। एजेंसी को उम्मीद है कि इस पूछताछ से इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई अन्य चेहरों से भी पर्दा उठेगा।


