Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरपीएफ (RPF) टाटा और जीआरपी (GRP) टाटा की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (RPF/CKP) और रेल एसपी, जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को दबोचा है, जिसके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की देर रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की निगरानी और जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान दुखी श्याम पुजारी (29 वर्ष) के रूप में हुई, जो ओडिशा के सुवर्णापुर का रहने वाला है।
तलाशी लिए जाने पर उसके पास से लगभग 11 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया है और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


