
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब आत्मनिर्भर भारत का मंत्र देशवासियों को दिया तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रक्षा मंत्रालय ने देश की हर छोटी-छोटी इकाई को रक्षा उत्पादन से जोड़ने की तरफ कदम बढ़ाया। इसी का परिणाम है कि आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। शुक्रवार को ये बातें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहीं। वे जमशेदपुर में आयोजित एमएसएमई डिफेंस कॉनक्लेव में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। श्री सेठ ने कहा कि हम बड़ी मात्रा में रक्षा उत्पादन का निर्यात भी कर रहे हैं। कई ऐसे कार्य जो कभी असंभव लगते थे, वह सब आज संभव हो रहे हैं। आज देश की छोटी-छोटी इकाईयां रक्षा उत्पादन क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

जमशेदपुर में आयोजित यह कॉन्क्लेव भी उसी की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। भारत के रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एमएसएमई से जुड़ी ईकाइयों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। अब उस क्षेत्र में झारखंड भी आगे बढ़े, इसलिए आज रक्षा उत्पादन क्षेत्र से जुड़े संस्थान और एमएसएमई की ईकाईयों को एक मंच पर लाया गया है।
