संयुक्त राष्ट्र : विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कनाडा की अपनी समकक्ष अनीता आनंद के साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के इतर ‘‘सार्थक वार्ता’’ करने के बाद कहा कि भारत और कनाडा अपने संबंधों को ‘‘नयी ऊंचाई’’ पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। जयशंकर ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात हमेशा सुखद रहती है। उनके साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर मुलाकात की। संबंधों को नयी ऊंचाई पर ले जाने की तैयारी के बीच सार्थक चर्चा हुई।’’

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस सप्ताह की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संभवत: इस साल दिसंबर के आसपास कनाडा की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा था कि भारत के साथ व्यापार वार्ता में ओटावा ‘‘अच्छी प्रगति’’ कर रहा है। कार्नी ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘भारत के साथ हमारी व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। ये संबंध लोगों के बीच आपसी संबंधों, सुरक्षा और व्यापार एवं अर्थव्यवस्था समेत कई स्तरों पर बेहद महत्वपूर्ण हैं।’’
कार्नी से पूछा गया था कि मोदी कनाडा की यात्रा कब करेंगे और भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (जिसे व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता कहा जाता है) को अंतिम रूप देने के ओटावा के प्रयास कहां तक पहुंचे हैं। भारत में ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने पर जारी चर्चा के बीच जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर वेनेजुएला के विदेश मंत्री फेलिक्स प्लासेंसिया गोंजालेज से भी मुलाकात की। जयशंकर ने बैठक के बाद कहा, ‘‘द्विपक्षीय सहयोग के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ हमारे ऊर्जा संबंध भी गति पकड़ रहे हैं। हमने मौजूदा क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।’’
जयशंकर ने बेलारूस एवं मेक्सिको के विदेश मंत्री क्रमश: मैक्सिम रिझेनकोव एवं रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज से भी मुलाकात की।


