
नई दिल्ली : देशभर में गर्मी का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार, इस बार भारत में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग का कहना है कि साफ आसमान, शुष्क हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगले दो हफ्तों में कई इलाकों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जो लंबे और तेज गर्मी के मौसम की ओर इशारा करता है। चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अगले दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और तापमान करीब 38 डिग्री के आसपास रहेगा। हालांकि, इसके बाद तेजी से बढ़ोतरी होगी और अगले सप्ताह पारा 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं, जहां तापमान पहले ही 42-43 डिग्री के पार जा चुका है और हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार गर्मी का मौसम लंबा और ज्यादा तीव्र हो सकता है, जिसमें बार-बार हीटवेव चलने की संभावना है।

