खनन एवं निर्माण उपकरण उद्योग की घरेलू बिक्री 2025-26 में तीन प्रतिशत बढ़ी

भारत के खनन और निर्माण उपकरण उद्योग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.40 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री दर्ज की। निर्यात वृद्धि और सरकारी निवेश से क्षेत्र को मजबूती मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : घरेलू खनन एवं निर्माण उपकरण उद्योग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.40 लाख से अधिक इकाइयों की सकल बिक्री दर्ज की, जो सालाना आधार पर तीन प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि बुनियादी ढांचे में सरकार के निरंतर निवेश से संभव हुई है। टीकेआईएल इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विवेक भाटिया ने मंगलवार को कहा कि खनन एवं निर्माण उपकरण क्षेत्र आर्थिक वृद्धि का एक महत्वपूर्ण आधार बनकर उभरा है। यह विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास, खनन गतिविधियों के विस्तार तथा विनिर्माण, ऊर्जा सुरक्षा एवं प्रौद्योगिकी प्रगति के लिए आवश्यक खनिजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि उद्योग का निर्यात 31.5 प्रतिशत बढ़ा है। यह इस क्षेत्र में संरचनात्मक बदलाव का संकेत है, जहां भारतीय विनिर्माता केवल घरेलू मांग पूरी करने तक सीमित नहीं रहकर विदेशी बाजारों में भी अपनी मजबूत मौजूदगी बना रहे हैं। स्थानीयकरण में वृद्धि, उत्पाद गुणवत्ता में सुधार और प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण इसकी प्रमुख वजह हैं।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और भारी उद्योग मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट समिट’ को संबोधित करते हुए भाटिया ने कहा कि बुनियादी ढांचे के सभी क्षेत्रों में सरकार के लगातार निवेश से इस उद्योग की वृद्धि को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि उद्योग तेजी से मशीनीकरण, विश्वस्तरीय उपकरणों और नवीनतम पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों को अपना रहा है। भाटिया ने कहा कि भारत पांच लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा यह देश के विकास की यात्रा का एक निर्णायक दौर है। उन्होंने कहा कि राजमार्गों, रेलवे, बंदरगाहों, हवाई अड्डों, शहरी बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा और विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ महत्वपूर्ण खनिजों पर बढ़ते जोर ने इस उद्योग के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा किए हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।