भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र को मिला 1.4 अरब डॉलर का वित्तपोषण

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अबतक 281 वित्तपोषण पाने वाली कंपनियों के जरिये कुल 1.4 अरब डॉलर का इक्विटी निवेश आया है। इनमें से करीब आधी राशि यानी 70.1 करोड़ डॉलर का निवेश केवल 2025 के बाद हुआ है। ट्रैक्सन के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। ये आंकड़े देश के प्रमुख सेमीकंडक्टर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी सेमीकॉन इंडिया 2026 से कुछ दिन पहले आए हैं। इसका आयोजन 17 से 19 सितंबर तक नयी दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस बड़े आयोजन में वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के प्रमुख, सरकारी अधिकारी, राज्यों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। भारत अपने तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है। ट्रैक्सन के अनुसार, भारत में इस क्षेत्र से जुड़ी 3,557 कंपनियां हैं। इनमें से 281 कंपनियों को वित्तपोषण मिला है, जबकि 142 कंपनियों ने इक्विटी के जरिये धन जुटाया है। वर्ष 2026 में अबतक इस क्षेत्र को 22.8 करोड़ डॉलर का वित्तपोषण मिला है।

टेसॉल्व सेमीकंडक्टर अब तक कुल 21.3 करोड़ डॉलर के वित्तपोषण के साथ इस क्षेत्र में सबसे आगे है। इसके बाद आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स 19.8 करोड़ डॉलर और वीडीएन 12.9 करोड़ डॉलर के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण सेवा क्षेत्र ने 2025 से 31.3 करोड़ डॉलर का वित्तपोषण आकर्षित किया है। एम्बेडेड हार्डवेयर 5.19 करोड़ डॉलर के वित्तपोषण के साथ दूसरे स्थान पर है। यह पूरी राशि पिछले 12 महीनों में जुटाई गई है। पावर मैनेजमेंट इंटिग्रेटेड सर्किट और फैबलेस सेमीकंडक्टर विनिर्माता भी वित्तपोषण पाने वाले प्रमुख कारोबारी मॉडल में शामिल रहे। रिपोर्ट के अनुसार, इस क्षेत्र में वित्तपोषण 2021 में 4.9 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2025 में 47.3 करोड़ डॉलर हो गया।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।