चीनी राष्ट्रपति शी ने कमांडर का प्रमोशन कर बनाया जनरल

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भारतीय सीमा की निगरानी करने के लिए दिया यह पुरस्कार

बीजिंग: भारत-चीन के बीच लद्दाख में वास्तविक सीमा रेखा पर (एलएसी) पर अभी माहौल पूरी तरह से सामान्य नहीं हुआ है।

इस बीच चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के वेस्टर्न थिएटर कमांड के कमांडर शू क्यूलिंग को जनरल रैंक में प्रमोट कर दिया है।

शी जिनपिंग चीन के सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (सीएमसी) के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने 58 साल के शू को जनरल रैंक में प्रमोट किया है, जो चीन की सेना में हाईएस्ट रैंक है।

शू के अलावा भी और तीन अधिकारियों को भी प्रमोट किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, शी जिनपिंग ने और जिन अधिकारियों को जनरल की रैंक में प्रमोट किया है, उनमें सदर्न थिएटर कमांड के वांग श्यूबिन, पीएलए के कमांडर लियु झेनली और पीएलए स्ट्रैटजिक सपोर्ट (मिसाइल) के कमांडर जू क्वानशेंग शामिल हैं।

सोमवार को सीएमसी के एक कार्यक्रम में जिनपिंग ने इन्हें प्रमोशन के सर्टिफिकेट भी दे दिए हैं।

शू क्यूलिंग पहले लेफ्टिनेंट जनरल थे, जिन्हें पिछले साल जून में वेस्टर्न थिएटर कमांड का कमांडर नियुक्त किया गया था।

ये वही समय था जब भारत-चीन के बीच लद्दाख में तनाव चरम पर था। शू हमेशा से जिनपिंग के पसंदीदा रहे हैं। शू को जिनपिंग का करीबी भी माना जाता है।

पिछले साल मई में भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनाव बढ़ना शुरू हुआ था। जून में दोनों सेनाओं के बीच हिंसक झड़प भी हुई थी।

हालांकि, बाद में दोनों सेनाएं बातचीत के लिए आईं और पीछे हटने पर सहमति जाहिर की। हालांकि, अभी भी पूरी तरह से तनाव खत्म नहीं हुआ है।

चीनी सेनाएं कई जगहों से पीछे जरूर हटी हैं, लेकिन अभी भी वो हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा और देप्सांग में डटी हुई है। भारत इन तीन जगहों से वापसी को लेकर दबाव बना रहा है।

सेना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि एलएसी पर अभी भी दोनों देशों के 50 से 60 हजार जवान तैनात हैं।

11 दौर की बातचीत के बाद भी चीन की सेना इन इलाकों से हटने के लिए राजी नहीं हुई है।

25 जून को भारत और चीन के बीच वर्चुअल बैठक में जल्द ही अगले दौर की बातचीत करने का अहम निर्णय किया गया है।

Share This Article