अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर इंटेन्सीफाइड एचआईवी कैंपेन व रक्तदान शिविर की शुरुआत, स्वास्थ्य मंत्री ने कह दिया कुछ ऐसा

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को सदर अस्पताल रांची के ब्लड बैंक परिसर में राज्यस्तरीय ‘इंटेन्सीफाइड एचआईवी कैंपेन 2026’ और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने एचआईवी संक्रमण की रोकथाम को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि एचआईवी संक्रमण को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय रोकथाम और जन-जागरूकता ही है। सरायकेला और साहिबगंज जिलों में एचआईवी नियंत्रण के लिए किए गए बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के ऐसे 9 जिले जहां एचआईवी के मामले अधिक हैं, उन्हें चिन्हित कर विशेष अभियान चलाया जाए।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य में आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही एक विशेष एजेंसी के माध्यम से व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे महज 15 मिनट में रक्त उपलब्ध हो सकेगा। इस सुविधा के शुरू होने से झारखंड देश में एक मिसाल कायम करेगा। इसके अलावा, उन्होंने राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और रिम्स-2 (RIMS-2) के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की बात भी कही।

समारोह की शुरुआत करते हुए झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि आज से शुरू हो रहा यह सघन जागरूकता अभियान पूरे एक माह तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं को सतर्क करने पर जोर देते हुए बताया कि हालिया अध्ययनों के अनुसार नए एचआईवी मामलों में लगभग 19 प्रतिशत मरीज 13 से 24 वर्ष की आयु वर्ग के युवा हैं, जो एक गंभीर विषय है।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले लोगों को सम्मानित किया और आम जनता से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर एनएसएस (NSS) के स्वयंसेवकों और एएनएम (ANM) स्कूल की छात्राओं द्वारा एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को एचआईवी के कारणों, बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। इस आयोजन में अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मंसूर अंसारी, बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला, रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रंजू सिन्हा सहित कई अन्य पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और छात्र उपस्थित रहे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।