
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर सरकार ने घाटी में तैनात सैकड़ों कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को 25 अगस्त की प्रशासनिक छुट्टी दे दी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़े ग्रुप की धमकी के बाद कश्मीरी पंडितों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने भी उन्हें ड्यूटी पर नहीं जाने की सलाह दी है। जो कर्मचारी घाटी में रह रहे हैं, उन्हें बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का दावा किया है।
पिछले दिनों लश्कर से जुड़े एक आतंकी संगठन ने धमकी वाली हिट लिस्ट जारी की थी। उसमें सरकारी महकमों में काम करने वाले कई कश्मीरी पंडितों के नाम और कॉन्टैक्ट डिटेल थे। इनमें अधिकतर कर्मचारियों की नियुक्ति प्रधानमंत्री के विशेष रोजगार पैकेज के तहत की गई थी। आतंकी संगठन की धमकी वाली चिट्ठी से कश्मीरी पंडित कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रशासन ने ऐहतियात बरतते हुए प्रधानमंत्री के विशेष रोजगार पैकेज के तहत नियुक्त सभी कर्मचारियों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है। जिन लोगों के नाम आतंकियों के लेटर में थे, उन्हें जम्मू भेज दिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय कर रहे हैं।

