इस्तांबुल में इमारत का हिस्सा ढहा, एक की मौत; तीन लोग अब भी फंसे

इस्तांबुल के माल्टेपे में सात मंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बचाव दल तीन लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इस्तांबुल : इस्तांबुल में सात मंजिला इमारत का एक हिस्सा बृहस्पतिवार को ढह गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। आपातकालीन दल के सदस्य इमारत में फंसे कम से कम तीन लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इमारत ढहने की वजह तत्काल पता नहीं चल सकी और मामले की जांच की जा रही है। बचाव दल के सदस्य मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए अभियान चला रहे हैं, जबकि इमारत के और हिस्से ढहने की चेतावनी दी गई है।

इस्तांबुल के एशियाई हिस्से में माल्टेपे जिले में तड़के इमारत की निचली तीन मंजिलें ढह गईं, जिसमें भूतल पर स्थित एक दुकान भी शामिल थी। इस्तांबुल शहर बोस्फोरस जलडमरूमध्य से दो हिस्सों में बंटा हुआ है। गृह मंत्रालय के अनुसार, ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बचाव दल ने मलबे में फंसे आठ और लोगों को भी निकाला है। बचावकर्मियों ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया और वे तीन अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे थे, जिनके अब भी इमारत के अंदर होने की आशंका है।

इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने बताया था कि बचावकर्मियों का मलबे में फंसे छह-वर्षीय बच्चे से संपर्क हो गया था। यह तत्काल स्पष्ट नहीं था कि बचाए गए लोगों में वह बच्चा भी शामिल है या नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि इमारत के और ढहने का खतरा है, जिससे बचाव अभियान में बाधा आ रही है। गवर्नर ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया। इस्तांबुल और तुर्किये के अन्य हिस्सों में शहरी ढांचे में बदलाव से संबंधित कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पुरानी और भूकंप के लिहाज से जोखिम वाली इमारतों को हटाकर उनकी जगह सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।