लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस में बृहस्पतिवार को कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत 470 खिलाड़ी शामिल किये गये, जिनमें 422 आरक्षी और 48 उपनिरीक्षक शामिल हैं। यहां लोकभवन में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव समेत प्रमुख अधिकारियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों को यह मौका मिला।

इस समारोह को संबोधित करते हुए उप्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बताया कि राज्य ने 2022 से अब तक पुलिस बल में 950 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भर्ती की है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को की गई 470 नियुक्तियों में से 422 नागरिक पुलिस/पीएसी के आरक्षी हैं और 48 नागरिक पुलिस में उपनिरीक्षक हैं।
इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक एसबी शिरडकर और पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह भी मौजूद रहे। कृष्णा ने कहा, ‘‘मैदान पर आपका बेहतरीन प्रदर्शन पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ाता है, जबकि वर्दी में आपका व्यवहार लोगों का भरोसा जीतता है।’’
उन्होंने नए भर्ती हुए खिलाड़ियों के माता-पिता, परिवारों और कोचों को बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनके त्याग और मार्गदर्शन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कृष्णा ने खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने और खेल उपलब्धियों को सरकारी सेवा से जोड़ने में सहयोग और नेतृत्व के लिए आदित्यनाथ का भी धन्यवाद किया।


