मेरठ : आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बृहस्पतिवार को मवाना रोड पर प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कुमार के इस्तीफे की मांग भी की। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शन से पहले ही गंगानगर पुलिस ने मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी को देर रात मवाना रोड स्थित उनके आवास पर कथित तौर पर ‘नजरबंद’ कर लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर आप कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे और बाद में तलवार पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘न डरेंगे, न झुकेंगे-ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा’ जैसे नारे लगाए। पार्टी ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक तथा धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। चौधरी ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर मताधिकारों को प्रभावित किया गया, जिसके कारण चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार दिया है और किसी भी व्यक्ति के वोट की कीमत समान है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर केवल औपचारिक जवाब से संतुष्ट नहीं होगी और पार्टी उनके इस्तीफे की मांग करती है। आप नेता ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।


