कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के 75 विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया तथा उनसे विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग करने का आग्रह किया।
इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री के सामने स्वदेशी रूप से विकसित ‘मार्स रोवर’ के एक ‘प्रोटोटाइप’ का प्रदर्शन किया गया।

संस्थान के कौस्तुभ जयंती समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और पूर्व छात्रों ने कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे क्षेत्रों में अपने काम का प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने अपने शोध निष्कर्ष और नवोन्मेषी विचार भी रखे।

संवाद में शामिल पूर्व छात्रों में पवन कुमार चंदना भी थे, जो भारत का पहला निजी तौर पर विकसित रॉकेट बनाने वाली कंपनी के संस्थापक हैं।
इस संवाद में मौजूद आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सहज तरीके से बातचीत की और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवा नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और प्रौद्योगिकीविदों की भूमिका पर जोर दिया।’’
चक्रवर्ती ने बताया कि ‘2047 के विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत आयोजित इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्र हमेशा सर्वोपरि होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘आईआईटी खड़गपुर के 75 साल के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण अवसर था। प्रधानमंत्री ने सरल शब्दों में बात की, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उनके दृष्टिकोण की स्पष्टता ने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों सभी को प्रेरित किया।’’
निदेशक ने बताया कि विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और पूर्व छात्रों ने कृत्रिम मेधा और ड्रोन प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अपने काम, शोध और विचार प्रधानमंत्री के सामने रखे।
चक्रवर्ती ने कहा कि मोदी उन्हें विनम्र और मिलनसार व्यक्ति लगे।
संस्थान के निदेशक ने कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि प्रधानमंत्री संस्थान के सालभर चलने वाले समारोहों में शामिल होने आए। ये समारोह तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण में संस्थान के 75 वर्षों के योगदान को चिह्नित करने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
इस संवाद से विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करने और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में भारत की यात्रा को लेकर अपने विचार साझा करने का अवसर मिला।
चक्रवर्ती ने बताया कि मोदी से संवाद करने वालों में आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन कुमार चंदना भी शामिल थे।
चंदना ने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना की है, जो भारत का पहला निजी तौर पर विकसित रॉकेट बनाने वाली कंपनी है।
चक्रवर्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ लगभग एक घंटे तक चले संवाद के दौरान उन्हें सुंदरबन जैसे दूरदराज के इलाकों में महिला स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी के विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई।


