दिल्ली में मर्सिडीज ने स्कूटर को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत

जहांगीरपुरी में तेज रफ्तार मर्सिडीज की टक्कर से स्कूटर सवार की मौत, पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया, लापरवाही से मौत का मामला दर्ज।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मर्सिडीज की टक्कर से स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जहांगीरपुरी बस स्टैंड पर फुट ओवरब्रिज के पास पांच जुलाई को हुई दुर्घटना के मामले में लग्जरी कार के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” उनके मुताबिक, मृतक की पहचान मंगोलपुरी निवासी दीपक के रूप में हुई। पुलिस को हादसे की सूचना देने वाले शख्स से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसने बताया कि हरियाणा पंजीकरण वाली एक मर्सिडीज ने स्कूटर को टक्कर मारी और फिर वाहन चालक घटनास्थल से वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “वाहन का पता लगा लिया गया है और उसके मालिक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत नोटिस दिया गया। मालिक ने खुलासा किया कि दुर्घटना के समय अंश प्रताप सिंह कार चला रहा था।’’

जांच के आधार पर, सिंह की पहचान आरोपी के रूप में की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जहांगीरपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मर्सिडीज को जब्त कर लिया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।