स्वतःस्फूर्त बंद के संदेश को ग्रहण करें : सरयू राय

जमशेदपुर में कानून व्यवस्था के खिलाफ हुए बंद को सरयू राय ने सफल बताया। उन्होंने जनता और एनडीए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए सिद्धांतपरक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर में कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति के खिलाफ कल हुए सफल स्वतःस्फूर्त जमशेदपुर बंद के लिए शहर की जनता को लाख-लाख बधाईयां दी हैं। बंद का माहौल बनाने तथा बंद के दिन सड़कों पर निकलकर आम जन का हौसला बढ़ाने के लिए एनडीए एवं सर्वसमाज के नागरिकों को भी उन्होंने बधाई दी है। यहां जारी एक बयान में सरयू राय ने एनडीए, ख़ासकर जदयू के साथियों से अपील की कि वे स्वतःस्फूर्त बंद के संदेश को ग्रहण करें और इसके आधार पर भविष्य की स्वस्थ राजनीति का खाका खींचे। सरयू राय के अनुसार, आम जनता न केवल अपराध, छिनतई, चोरी और चापड़बाजी से त्रस्त है बल्कि भ्रष्टाचार, महँगाई और लफ़ंगई की राजनीति से भी आजिज आ गई है। हमारा दायित्व है कि निहित स्वार्थ और गंदी प्रतिस्पर्धा की राजनीति से उपर उठें और सिद्धांतपरक राजनीति की राह पर चलें। ऐसा हुआ तो जनता इसका हिसाब रखेगी।

सरयू राय ने कहा कि हमारे पास गांधी, लोहिया, दीनदयाल उपाध्याय और लोकनायक जयप्रकाश की वैचारिक धरोहर हैं, जिनके आधार पर स्वतंत्र भारत की राष्ट्रीय राजनीतिक धाराएँ चलनी थी। लेकिन विगत कुछ दशकों से ये धाराएँ राजनीतिक जनमानस से गुम हो गई हैं। इन्हें पुनर्जीवित करना कल की स्वतःस्फूर्त बंदी से निकला संदेश है। जनता तैयार है। हम राजनीतिक कर्मियों को इसका अनुसरण करना है। हमें “नैतिक राजनीति बनाम राजनैतिक रणनीति” की बारीकियों को समझने और इसे अपने कार्यकर्ताओं को समझाने की जरूरत है। हम इस आधार पर नए समर्थक एवं कार्यकर्ता तैयार करें, कल के स्वतःस्फूर्त बंदी से निकला यह संदेश ग्रहण करें।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।