नयी दिल्ली: हिरासत में लिए जाने से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देशभर के युवाओं से ‘‘दिल्ली चलो’’ का आह्वान करते हुए शनिवार को कहा कि वे ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचें।

केजरीवाल ने प्रदर्शनकारियों से यह भी अपील की कि पुलिस जहां भी उन्हें रोके, वे वहीं प्रदर्शन शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि पूरा देश जंतर-मंतर बन सकता है।
पुलिसकर्मियों द्वारा केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़े रखा और पुलिस को उन्हें अपने साथ ले जाने से रोकने की कोशिश की। पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर बस की ओर ले गए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता उनके आसपास जुट गए और हिरासत में लिए जाने का विरोध करने लगे।
केजरीवाल को आप नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाते समय लोधी एस्टेट स्थित उनके आवास के बाहर हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ हिरासत में लिए गए नेताओं में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज, विधायक कुलदीप कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा शामिल हैं।
आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय को भी हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत में लिए जाने से पहले केजरीवाल ने कहा, ‘‘…अब तक मोदी जी वोट चोरी करके ही चुनाव जीतते थे। अब वह रंगेहाथों पकड़े गए हैं।’’ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने दावा किया कि प्रदर्शन से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिए जाने से युवा नाराज हैं। उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए देशभर के युवाओं से दिल्ली आने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी आपको जहां भी रोकें, वहीं बैठ जाएं। उस जगह को जंतर-मंतर बना दें। पूरे देश को जंतर-मंतर बना दें।’’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कथित वोट चोरी को रोकना जरूरी है।
हिरासत में लिए जाने के बाद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें संजय सिंह के साथ हिरासत में लिया गया है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे भी लगाए।
उन्होंने कहा, ‘‘देश के युवा जाग चुके हैं। वे मोदी जी की तानाशाही से डरते नहीं हैं। अब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। लोग अब उनकी वोट चोरी बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने देशभर के लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने घरों से बाहर निकलने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सब लोग दिल्ली चलो।’’
इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदर्शन को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में लगाई गई पाबंदियों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।
आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने पर दिल्ली पुलिस ने बेरहमी से हिरासत में ले लिया। मोदी जी, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए आप कितने लोगों को जेल में डालेंगे?’’
केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा था कि वह और उनका परिवार प्रदर्शन में शामिल होंगे।
शनिवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विमान में ही ‘‘कॉकरोच’’ (नेताओं) को हिरासत में लेकर दिखा दिया है कि वह ‘‘डरे हुए’’ हैं।


