रांची: राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने अपने प्रयासों को और तेज कर दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर हरियाली को सुव्यवस्थित रूप देने और पेड़-पौधों के बेहतर रख-रखाव के लिए नगर निगम ने नई स्काईलिफ्टर मशीन के जरिए पेड़ों की वैज्ञानिक छंटाई और कैनोपी (पेड़ों के ऊपरी हिस्से का आकार) को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) से जुड़े कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए गार्डन अधीक्षकों के बीच वार्डवार जिम्मेदारियों का बंटवारा भी कर दिया गया है।

नगर निगम की इस पहल के तहत शनिवार को मोरहाबादी फुटबॉल ग्राउंड के समीप, भारत माता चौक, प्रेमसंस के पास और कांके रोड जैसे प्रमुख इलाकों में सड़क किनारे स्थित पेड़ों की सूखी, अनावश्यक और यातायात में बाधक शाखाओं को काटा गया। नई स्काईलिफ्टर मशीन की मदद से ऊंचाई पर मौजूद शाखाओं तक पहुंचकर छंटाई का काम काफी सुगमता और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया में पेड़ों के स्वास्थ्य और उनकी प्राकृतिक संरचना का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि सड़कों की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक हरियाली भी बनी रहे।
तीन गार्डन अधीक्षकों को को प्रभार सौंपा
अनुज (गार्डन अधीक्षक): इन्हें बड़ा तालाब क्षेत्र (वार्ड 16, 17, 18, 20, 21, 22, 23, 24, 27, 28, 29) और पिस्का क्षेत्र (वार्ड 01, 02, 30, 31, 32, 33, 34, 35) की जिम्मेदारी दी गई है। नितिका (गार्डन अधीक्षक): इन्हें धुर्वा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों (वार्ड 49 से 53 तथा वार्ड 37 से 43) के रख-रखाव का जिम्मा दिया गया है। निवेदिता (गार्डन अधीक्षक): इन्हें कांके क्षेत्र (वार्ड 03 से 12 और 19) तथा डोरंडा क्षेत्र (वार्ड 13, 14, 15, 24, 25, 36 एवं 43 से 48) का दायित्व सौंपा गया है।
गार्डन अधीक्षकों के बीच वार्डों के इस विभाजन से पार्कों के रख-रखाव, नए हरित क्षेत्रों के विकास और पेड़ों की देखभाल की नियमित निगरानी में काफी मदद मिलेगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में प्राथमिकता के आधार पर शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी यह छंटाई अभियान और सौंदर्यीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा, जिससे आम नागरिकों को एक स्वच्छ, सुंदर और संतुलित पर्यावरण मिल सके।


