रांची में बेतरतीब लटकते फाइबर केबल पर नगर निगम सख्त, कंपनियों को दिया 3 दिनों का अल्टीमेटम

रांची नगर निगम ने बिजली के खंभों पर बेतरतीब लटकते इंटरनेट और फाइबर केबल व्यवस्थित करने के लिए कंपनियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। लापरवाही पर कार्रवाई होगी।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : शहर की सुंदरता को बिगाड़ रहे बिजली के खंभों पर लटकते इंटरनेट और फाइबर केबलों को लेकर रांची नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद, निगम ने सभी संबंधित दूरसंचार एजेंसियों और केबल ऑपरेटरों को अपने तार व्यवस्थित करने के लिए 3 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। अधिकारियों के अनुसार, कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक के प्रमुख मार्ग पर सबसे पहले अगले तीन दिनों के भीतर सभी लटकते और बेतरतीब केबलों को पूरी तरह व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य मार्गों पर भी यही कार्रवाई की जाएगी।

हाल ही में हुई बैठक में रिलायंस, EDIPL, इंडस टावर, प्रोटो और बीएसएनएल सहित कई एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। बैठक के तुरंत बाद अपर नगर आयुक्त ने कचहरी रोड का स्थलीय निरीक्षण कर कंपनियों को खुद इसकी अव्यवस्था दिखाई थी। निगम ने चेतावनी दी है कि तय समयसीमा के भीतर सुधार नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बिजली विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार कर रहा है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।