नयी दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों द्वारा संचालित कथित अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े धनशोधन मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ नागेश रामचंद्र शिंदे और बृजेश कांजीभाई मोराडिया के रूप में हुई है। बयान में कहा गया है कि ईडी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत उन्हें गिरफ्तार किया।

ईडी ने बताया कि मुंबई में विभिन्न कानून लागू करने वाली एजेंसियों द्वारा डोला और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की गई थी। ये मामले मादक पदार्थों और मन: प्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़े हैं। एजेंसी ने कहा कि जांच में एक बेहद संगठित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का पता चला, जो रसायनों की खरीद, गुप्त रूप से मेफेड्रोन (एमडी) बनाने, विभिन्न राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी व बांटने और दूसरे देशों में इन पदार्थों की तस्करी में शामिल था।
इस साल अप्रैल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया था। उसे मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था। दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी बताया जाने वाला डोला भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपों का सामना कर रहा है। उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का आरोप है।


