नई दिल्ली: टीवीएस मोटर कंपनी और उसकी होल्डिंग कंपनी टीवीएस होल्डिंग्स लिमिटेड में स्वामित्व तथा उत्तराधिकार व्यवस्था की व्याख्या को लेकर उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन के परिवार में गंभीर मतभेद उभर आए हैं। उद्योग सूत्रों के अनुसार परिवार की वरिष्ठ सदस्य मल्लिका श्रीनिवासन अपने बच्चों के बीच सौहार्दपूर्ण और न्यायसंगत समाधान के लिए बातचीत पर जोर दे रही हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी वेणु और सुदर्शन वेणु की मां मल्लिका श्रीनिवासन, वेणु श्रीनिवासन परिवार में व्यावसायिक संपत्तियों के स्वामित्व को लेकर उपजे मतभेदों के बीच पारिवारिक संपत्ति के निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए बातचीत को प्रोत्साहित कर रही हैं।

वेणु श्रीनिवासन, उनकी पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन, बेटी लक्ष्मी वेणु और बेटा सुदर्शन वेणु टीवीएस समूह के संस्थापक टी वी सुंदरम अयंगर की तीसरी और चौथी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। सूत्रों के अनुसार प्रवर्तक परिवार के भीतर मतभेद अप्रैल 2025 में उस समय खुलकर सामने आए जब टीवीएस होल्डिंग्स ने खुलासा किया कि प्रमुख कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुदर्शन वेणु को ट्रस्ट संरचनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण लाभकारी मालिक (एसबीओ) नामित किया गया था।
वाहन कलपुर्जा निर्माता कंपनी सुंदरम-क्लेटन लिमिटेड (एससीएल) की प्रमुख और वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु अपने अधिकारों की मांग कर रही हैं। सूत्रों ने कहा कि वह पारिवारिक संपत्ति के निष्पक्ष निपटारे के लिए लगातार चर्चा और बातचीत की मांग कर रही हैं। परिवार ने मार्च 2024 में एक सहमति पत्र (एमओयू) को लागू किया था। यह केवल विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में टीवीएस ब्रांड के उपयोग और गैर-प्रतिस्पर्धा समझौते से संबंधित है।
सूत्रों ने कहा, ”हालांकि इन व्यवसायों का प्रबंधन स्पष्ट है, लेकिन 2024 में किया गया एमओयू केवल ब्रांड के उपयोग और गैर-प्रतिस्पर्धा से जुड़ा है। यह आर्थिक निपटारे या मूल्यांकन के आधार पर पारिवारिक संपत्ति के विभाजन से संबंधित नहीं है।” उन्होंने बताया कि परिवार ने अभी तक अपनी संपत्ति के आर्थिक विभाजन पर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है। मल्लिका श्रीनिवासन चाहती हैं कि सभी संबंधित पक्ष मतभेदों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए बातचीत करें। वेणु श्रीनिवासन परिवार टीवीएस होल्डिंग्स, टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस क्रेडिट और सुंदरम-क्लेटन लिमिटेड (एससीएल) सहित प्रमुख व्यवसायों को नियंत्रित करता है। खबर लिखे जाने तक टीवीएस समूह ने इस संबंध में भेजे गए ई-मेल का कोई जवाब नहीं दिया था।


