जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के बिंदल मॉल में स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी (SIT) ने इस सनसनीखेज वारदात की साजिश में शामिल चार आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 26 सितंबर को हुई थी, जब दिनदहाड़े बाइक पर सवार बेखौफ बदमाशों ने बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में घुसकर अंधाधुंध 11 से 12 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस जघन्य फायरिंग की घटना में चार लोग घायल हो गए थे, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया था। घटना के तुरंत बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।
छत्तीसगढ़ से हुई गिरफ्तारी, जमीन और ठेकेदारी विवाद आया सामने
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर अपराधियों की सुरागकशी शुरू की। जांच के दौरान जब आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर भागने की जानकारी मिली, तो पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र से चारों कथित साजिशकर्ताओं—परसूडीह निवासी टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और सिदगोड़ा निवासी दीपू ओझा को दबोच लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह हमला जमीन के कारोबार, रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद और वर्चस्व की रंजिश के चलते कराया गया था। एसएसपी ने बताया कि अपराधियों को सुपारी देकर इस हत्या की योजना बनाई गई थी। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उन शूटरों तक भी पहुंचा जा सके जिन्होंने सीधे तौर पर इस फायरिंग को अंजाम दिया था।


