चतरा में नकली शराब की मिनी फैक्ट्री ध्वस्त, 3,500 लीटर शराब और ₹50 लाख का सामान बरामद

त्योहारों से पहले चतरा में पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई, नकली शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री ध्वस्त, 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और स्पिरिट के 391 बक्से जब्त।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
चतरा: दशहरा और आगामी त्योहारों से ठीक पहले चतरा में उत्पाद विभाग और पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार की सीमा से सटे वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के औरवा-होसिल जंगल में संचालित एक नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान करीब 50 लाख रुपये मूल्य की नकली अंग्रेजी शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद कर अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया।
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में नकली अंग्रेजी शराब तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एक संयुक्त टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई।

ब्रांडेड बोतलों और फर्जी होलोग्राम का होता था इस्तेमाल

तस्कर स्पिरिट में कैरेमल व एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे। इसके बाद उसे रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और आइकॉनिक व्हाइट जैसे जाने-माने ब्रांडों की बोतलों में भरकर उस पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाए जाते थे। इस अवैध शराब को आगामी त्योहारों के दौरान बिहार समेत अन्य जगहों पर खपाने की पूरी तैयारी थी।

भारी मात्रा में शराब और उपकरण जब्त

1. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी के दौरान निम्नलिखित सामान बरामद किए गए:
2. 391 पेटी बोतलबंद शराब (9,888 बोतलों में लगभग 3,500 लीटर नकली शराब)
3. 39 गैलन में करीब 1,600 लीटर स्पिरिट
4. करीब 2,000 लीटर तैयार रंगीन शराब और 40 लीटर कैरेमल
5. भारी संख्या में ब्रांडेड लेबल, होलोग्राम, ढक्कन, एडहैसिव और खाली बोतलें
6. बोतलों की पंचिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली 3 मशीनें

तस्कर फरार, मामला दर्ज

छापेमारी टीम के मौके पर पहुंचते ही तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। इस मामले में मुख्य आरोपी दिलीप यादव, अरुण कुमार तिवारी और मिथिलेश कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक अभिषेक आनंद, अनूप प्रकाश और अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।