Jamshedpur News : जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.428 किलो गांजा, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 10,435 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, माचिस, मोमबत्तियां और 62 प्लास्टिक पाउच भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की रात की गई। सूचना मिली थी कि बागबेड़ा रनिंग रूम के पास लक्ष्मी मेडिकल के आसपास गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा नामक युवक गांजा की पुड़िया बनाकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने की घेराबंदी, पुराना है आपराधिक इतिहास
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गुप्तेश्वर गिरी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के परसुडीह, बागबेड़ा, टेल्को और बर्मामाइंस थानों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


