
जमशेदपुर : जमशेदपुर बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजय गार्डेन गेट नंबर-2 में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां 19 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
परिजनों के अनुसार, युवक ने शुक्रवार देर रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोहित गोप के रूप में हुई है। वह गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि जल्द ही उसकी नौकरी लगने की संभावना थी। रोहित परिवार का इकलौता बेटा था। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

