जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सिद्धू-कान्हू बस्ती में बुधवार सुबह एक ऑटो चालक पर धारदार चापड़ से हमला किया गया। इस घटना में गणेश राव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके गर्दन, पेट, कमर, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। गणेश राव के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे उनके घर के मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया था। उनकी पत्नी रेशमा ने कॉल उठाया तो दूसरी तरफ से गाली-गलौज की गई। इसके बाद गणेश राव ने फोन लिया, तो उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

आरोप है कि करीब एक घंटे बाद, सुबह 8 बजे कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे। जब गणेश राव ने दरवाजा खोला, तो उन पर चापड़ से हमला कर दिया गया। गणेश राव ने अमन बहरा, मोहम्मद बशीर और शिपु पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उनका परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से आरोपियों पर जल्द कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


