गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े बैंक डकैती! बैंक में घुसे 5-6 हथियारबंद अपराधी, 42 लाख से ज्यादा कैश लेकर फरार

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर 42 लाख रुपये से अधिक नकदी और स्वर्णाभूषण लूट लिए। पुलिस जांच में जुटी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 5-6 की संख्या में रेनकोट पहनकर पहुंचे अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय बैंक खुल चुका था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। बारिश के कारण सभी अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया।

बताया गया कि बैंक के गार्ड संतोष कुमार ने विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने बंदूक की बट से मारकर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधी बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे और उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया। अपराधियों ने बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिया। इसके अलावा लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दो बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।