झारखंड : इस महिला पर ऐसा कांड करने का है आरोप, उसे ढूंढते हुए ओड़िशा पुलिस आयी झारखंड, किया गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : ओड़िशा पुलिस ने मंगलवार को जमशेदपुर से एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम गीता चातर है। उस पर बांसपानी स्टेशन पर तोड़फोड़ और आरपीएफ जवान की हत्या कराने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, गीता ने ग्रामीणों को स्टेशन पर हमला और तोड़फोड़ करने के लिए उकसाया था। बांसपानी स्टेशन पर ग्रामीणों के उत्पात से चक्रधरपुर मंडल रेलवे को लगभग सवा करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

इस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ओड़िशा पुलिस छापामारी कर रही है। बताया जा रहा है कि 12 अक्टूबर की रात 8:30 बजे दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों (महिला और पुरुष) की भीड़ ने बांसपानी स्टेशन पर तोड़फोड़ की थी।

स्टेशन ड्यूटी आरपीएफ के जवान और पदाधिकारी ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने एक दारोगा और तीन सिपाहियों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गये।

इनमें शमशेर कुमार सिंह नाम के जख्मी आरपीएफ जवान की रविवार सुबह टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी। इससे जानलेवा हमला करने का मामला हत्याकांड में तब्दील हो गया है।

ओड़िशा पुलिस आरोपियों के खिलाफ अन्य धाराओं के साथ भादवि की धारा 302 को भी शामिल करके चार्जशीट फाइल करने की तैयारी में है।

आरपीएफ और ओड़िशा पुलिस जवान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एक-दो दिनों में बिष्टुपुर पुलिस के जरिये मिलने की उम्मीद है।

Share This Article