
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम गणेश पात्रो ताया जा रहा है। वहीं घायल निखिल शॉ का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर एक बाइक पर सवार थे। हालांकि हादसा किस जगह और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए सोनारी स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। गणेश की हालत गंभीर होने पर उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं निखिल शॉ के एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और उसका इलाज जारी है। इधर, गणेश के परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते, जबकि प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव सौंपने की बात कही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

