
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में बढ़ रहे मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इसकी चपेट में स्वास्थ्यकर्मी भी आने लगे हैं। एमजीएम अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में काम करने वाली एक नर्स मलेरिया से संक्रमित पाई गई हैं। वह नगर निगम क्षेत्र की डिमना हिल व्यू कॉलोनी में रहती हैं और गुरुवार से अस्पताल के पांचवें तल स्थित आईसीयू में भर्ती हैं।
डॉक्टरों के अनुसार शनिवार को उनकी हालत में पहले से सुधार हुआ है और इलाज जारी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए मानगो नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाने का फैसला लिया है। अभियान के तहत सभी 36 वार्डों में फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया जाएगा। जिस इलाके में नया मरीज मिलेगा, उसके घर के एक किलोमीटर के दायरे में सफाई, नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव होगा।
जलजमाव वाले क्षेत्रों और मच्छरों के पनपने वाली जगहों पर विशेष सफाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और बुखार या ठंड लगने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।

