
जमशेदपुर : मंगलवार सुबह मानगो पुल पर एक युवक द्वारा नदी में कूदने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया।समय पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवान ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले आया। उसकी इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह पुल की रेलिंग के पास पहुंच गया था और नदी में छलांग लगाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवान की नजर उस पर पड़ी। जवान ने बिना समय गंवाए युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर ले आया। घटना के समय पुल पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने ऐसा कदम उठाने की कोशिश क्यों की। साथ ही पुलिस उसके परिजनों से भी संपर्क कर रही है। जवान की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई और एक संभावित बड़ी घटना टल गई।

