
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 पर सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बस के अंदर कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की तेज लपटों ने पास में लगे बिजली विभाग के पोल और तारों को भी नुकसान पहुंचाया। जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
दमकल ने बुझाई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को रोजाना की तरह रात में ड्यूटी खत्म होने के बाद वहां खड़ा किया गया था। बुधवार सुबह अचानक बस से धुआं उठता देखा गया जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस, दमकल विभाग और बिजली विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

