
जमशेदपुर : सावन के पावन महीने में जमशेदपुर के एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में भक्ति की गंगा बहने वाली है। नीलकंठ महादेव संघ की ओर से 10 अगस्त को 10वीं भव्य भजन संध्या और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसका भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे। भूमि पूजन के शुभ अवसर पर नीलकंठ महादेव संघ के सभी सदस्य पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ आयोजन स्थल पर एकत्रित हुए। यहां पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। संघ के सदस्यों ने यह अनुष्ठान करते हुए भगवान भोलेनाथ से इस भव्य आयोजन की निर्विघ्न सफलता और संपूर्ण जनकल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद, आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के सदस्य अरविन्द कुमार ने बताया कि इस दसवीं भजन संध्या को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी देश के प्रसिद्ध और ख्यातिप्राप्त भजन गायकों को आमंत्रित किया जा रहा है। ये कलाकार अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से उपस्थित शिवभक्तों को भक्तिरस में पूरी तरह सराबोर कर देंगे। आयोजन समिति के अनुसार, आमंत्रित कलाकारों के नामों की आधिकारिक घोषणा बहुत जल्द ही कर दी जाएगी।

