
भुवनेश्वर: ओडिशा में बृहस्पतिवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, खास तौर पर राज्य के चार उत्तरी जिलों में हालात चिंताजनक हैं, जबकि महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि उत्तर ओडिशा की कुछ नदियों का जलस्तर घटना शुरू हुआ है, लेकिन वे अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण रातभर में कई और इलाके जलमग्न हो गए।

