सड़क हादसे में भाजपा मंडल मंत्री कृष्णा चंद्र महतो की मौत, एक साल के मासूम ने खोया पिता

पूर्वी सिंहभूम के हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य मार्ग पर स्कूटी और बाइक की सीधी टक्कर में भाजपा मंडल मंत्री कृष्णा चंद्र महतो की मौत हो गई, हादसे में दो युवक घायल।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोवाली: पूर्वी सिंहभूम जिले के हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा के कोवाली मंडल मंत्री कृष्णा चंद्र महतो उर्फ सिदेश की मौत हो गई। हाड़ियान गांव के पास स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

कृष्णा चंद्र महतो की मौत की खबर मिलते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वह झामुमो के वरिष्ठ नेता कमल लोचन महतो के पुत्र थे।

साप्ताहिक हाट से घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कृष्णा चंद्र महतो शनिवार को हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाड़ियान गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही हीरो एचएफ डीलक्स बाइक से उनकी स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्णा चंद्र महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार दोनों युवक भी हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना के सब इंस्पेक्टर अजंता महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

कृष्णा चंद्र महतो को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार दोनों घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) भेजा गया। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।

एक साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

इस हादसे ने कृष्णा चंद्र महतो के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और महज एक साल का बेटा है। उनके माता-पिता की तबीयत भी ठीक नहीं रहती है।

एक ओर परिवार ने अपना बेटा खो दिया, वहीं दूसरी ओर पत्नी के सिर से पति का साथ छिन गया। मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।