
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है। स्वर्णरेखा नदी के किनारे पानीपड़ा-नागुड़साई इलाके में रविवार को ग्रामीणों को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। जांच के बाद पता चला कि यह करीब 227 किलोग्राम वजनी बम है। जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को तुरंत घेराबंदी कर सुरक्षित कर दिया गया। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले 17 मार्च को भी इसी क्षेत्र से दो बम बरामद हुए थे, जिन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था। लगातार दूसरी बार इतने भारी विस्फोटक मिलने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है, जबकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
कैसे मिला बम?
रविवार को स्वर्णरेखा नदी के किनारे ग्रामीणों की नजर एक बड़ी संदिग्ध धातु जैसी वस्तु पर पड़ी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह एक शक्तिशाली बम है। इसके बाद तुरंत इलाके को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके बाद बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया तय होगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
डिफ्यूज करने की तैयारी तेज
सेना की टीम तय मानकों के अनुसार बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए बम के आकार के हिसाब से गड्ढा खोदने की योजना है। साथ ही बालू से भरे बोरे और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी खतरे से बचा जा सके। स्थानीय प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

