रघुवर दास ने अमित शाह से की रेनबो होम की दो आदिवासी बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म के घटना की CBI जांच की मांग

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास (Raghuvar Das) ने गृह मंत्री अमित शाह को गुरुवार को पत्र लिखकर रेनबो होम की दो आदिवासी बच्चियों के साथ हुई दुष्कर्म की घटना की सीबीआई जांच की मांग की है।

साथ ही संस्था का निबंधन रद्द कर उसे ब्लैक लिस्ट करने का भी आग्रह किया है।

पत्र में उन्होंने लिखा है कि झारखंड में कार्यरत एक गैर सरकारी संस्था खुशी रेनबो होम में पिछले दिनों दो आदिवासी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना हुई।

यह संस्था पूर्व अधिकारी हर्ष मंदर की संस्था सेंट्रल फॉर इक्विटी स्टडीज के द्वारा संचालित की जा रही है। संस्था के लोगों को इस घटना की जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गयी, बल्कि इस घटना को छिपाने का प्रयास भी किया गया।

मामले की जांच सीबीआइ से करायी जाये

रघुवर ने लिखा है कि हर्ष मंदर केंद्र की यूपीए सरकार में सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य रह चुके हैं।

उनका इतिहास काफी विवादित रहा है। प्रभावशाली व्यक्ति की संस्था होने के कारण इस मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के कठिन प्रयास से यहां मामला दर्ज हो पाया है। इस मामले में राज्य सरकार द्वारा जांच कराये जाने पर न्याय की उम्मीद काफी कम है।

इसलिए मामले की जांच सीबीआइ से करायी जाये। साथ ही इन संस्थाओं का निबंधन रद्द कर ब्लैक लिस्ट किया जाए।

Share This Article