
रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र के पहले ही दिन विधानसभा परिसर के बाहर सियासी माहौल गर्म हो गया। विधानसभा पहुंचते ही एनडीए के विधायकों ने JPSC मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। विपक्षी विधायक JPSC मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान “मुख्यमंत्री इस्तीफा दो” के नारे भी लगातार लगाए जा रहे हैं। हाथों में तख्तियां लिए विधायक सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं।
दरअसल, विपक्ष पहले ही साफ कर चुका था कि वह मानसून सत्र में JPSC से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा। ऐसे में सत्र के पहले दिन सदन के बाहर शुरू हुआ यह प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में विधानसभा की कार्यवाही हंगामेदार रहने वाली है। बता दें कि मानसून सत्र 12 अगस्त तक चलेगा और इस दौरान कुल पांच कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं।
इस बीच, राज्य सरकार की ओर से मंत्री चमरा लिंडा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में धांधली और पेपर लीक कराने वाले माफिया तत्व होते हैं, जिनका किसी सरकार से कोई संबंध नहीं होता। ऐसे गिरोह पूरे देश में सक्रिय हैं। इनके खिलाफ पक्ष और विपक्ष दोनों को मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए। मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने छात्रों से बातचीत की पहल की है। इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है। जल्द ही इस मामले का कोई सकारात्मक समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

