मेयर ने की आम लोगों से अपील, निगम के कर्मचारी करे मिसबिहेव तो दर्ज कराए शिकायत

रांची मेयर ने नगर निगम कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर सख्त रुख अपनाते हुए नागरिकों से बिना डर शिकायत दर्ज कराने की अपील की, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कंप्लेन मिलने के बाद नगर निगम में लगाए गए है जगह जगह नोटिस

रांची: नगर निगम में अपने काम के लिए आने वाले आम लोगों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए मेयर ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि यदि नगर निगम का कोई भी कर्मचारी उनके साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या मिसबिहेव करता है, तो वे बिना किसी डर के इसकी शिकायत तुरंत दर्ज कराएं। इसके लिए निगम स्थित मेयर ऑफिस में जाकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

गौरतलब है कि नगर निगम कार्यालय में प्रतिदिन अपने अलग-अलग कार्यों जैसे—हाउस टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नक्शा पास कराने और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हजारों लोग आते हैं। ऐसे में कई बार कर्मचारियों द्वारा लोगों के साथ अनपेक्षित व्यवहार या काम लटकाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मेयर ने जनता के हित में यह सख्त कदम उठाया है ताकि निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आए और लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

मेयर की इस अपील और कड़े रुख के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। जनता को जागरूक करने और शिकायत प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से निगम परिसर और कार्यालय के विभिन्न विभागों में जगह-जगह सूचना नोटिस बोर्ड लगा दिए गए हैं। इन नोटिसों पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की गई है। साथ ही ये भी कहा गया है कि लोग मेयर को फोन पर भी शिकायत दर्ज करा सकते है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी। यदि जांच में कोई भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मेयर की इस पहल से नगर निगम आने वाले आम लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे कर्मचारियों के रवैये में सुधार होगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।