
रांची : झारखंड सरकार ने बकरीद (ईद-उल-जुहा) की छुट्टी की तारीख में बदलाव कर दिया है। पहले राज्य सरकार की ओर से 27 मई 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन अब इसे बदलकर 28 मई 2026 कर दिया गया है। इसको लेकर कार्मिक विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। जारी अधिसूचना के मुताबिक वर्ष 2026 के लिए निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट (NI Act) के तहत 27 मई को बकरीद का अवकाश तय किया गया था। हालांकि चांद दिखने की संभावित स्थिति को देखते हुए अब ईद-उल-जुहा का पर्व 28 मई, गुरुवार को मनाया जाएगा। इसी कारण सरकार ने छुट्टी की तारीख में संशोधन किया है।
27 मई को खुले रहेंगे सरकारी दफ्तर
सरकार के नए आदेश के अनुसार 27 मई को राज्य सरकार के सभी कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे और नियमित कामकाज जारी रहेगा। वहीं 28 मई को सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और संबंधित विभागों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
सभी विभागों को भेजी गई जानकारी
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद सभी विभागों, कार्यालयों और अधिकारियों को इसकी जानकारी भेज दी गई है, ताकि अवकाश को लेकर किसी तरह का भ्रम न रहे।

