रांची: प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल का पदभार संभालने के बाद आयोजित इस पहली बड़ी बैठक को संगठन की भावी कार्ययोजना और दिशा तय करने के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है।

बैठक के दौरान राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति और सांगठनिक मजबूती से जुड़े कई प्रमुख विषयों पर गहन मंथन हुआ। इसके साथ ही पार्टी द्वारा चलाए जा रहे मौजूदा अभियानों व कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में शीर्ष नेतृत्व ने सर्वसम्मति से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया।
इस अहम बैठक में प्रदेश भाजपा के तमाम दिग्गज चेहरे शामिल हुए। इनमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास व मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय व डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, संगठन महामंत्री पवन साय, निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, समीर उरांव, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


