झारखंड : यहां सुरक्षा की गुहार लगाने थाना जा रहा था प्रेमी जोड़ा, थाना पहुंचते ही हो गयी पिटाई

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : एक प्रेमी जोड़ा अपनी सुरक्षा की गुहार लगाने थाना पहुंचा था, लेकिन थाना की चौखट पर ही प्रेमिका की पिटाई हो गयी।

लड़की को पीटने का आरोप उसके प्रेमी के परिजनों पर है। घटना सोमवार की है। बाद में पुलिस ने मामले को शांत कराया और प्रेमी जोड़े को सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया।

दरअसल, प्रेमिका की मां ने उसके अपहरण का मामला सुदामडीह थाना में दर्ज कराया था।

इसकी जानकारी होने पर यह प्रेमी जोड़ा शादी रचाकर सोमवार को महिला थाना पहुंचे थे।

मकसद था कि पुलिस उन्हें सुरक्षा प्रदान करे। लेकिन, यह जोड़ा पुलिस तक पहुंचने से पहले परिजनों के हाथ लग गया। परिजनों ने थाना के मेन गेट पर ही प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सुदामडीह का रहनेवाला यह प्रेमी जोड़ा शादी रचाने के बाद सुरक्षा की गुहार लगाने महिला थाना जा रहा है, इसकी जानकारी प्रेमिका के परिजनों को पहले ही मिल गयी थी।

प्रेमिका को उसके अपने ही परिजनों ने महिला थाना के मुख्य गेट पर पकड़ लिया

प्रेमी और प्रेमिका के पहुंचने से पहले ही प्रेमिका के परिजन महिला थाना पहुंच चुके थे।

प्रेमी-प्रेमिका के महिला थाना पहुंचने के बाद प्रेमिका को उसके अपने ही परिजनों ने महिला थाना के मुख्य गेट पर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य परिजन युवती को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे।

बता दें कि सुदामडीह थाना में लड़की के अपहरण का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस की सख्ती देख सोमवार को इस प्रेमी जोड़े ने शादी रचाकर महिला थाना में सरेंडर किया। पहले से ही थाना पहुंचे युवती के परिजन उसे अपने साथ घर ले जाने का प्रयास करने लगे।

महिला थाना में ही दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गयी

इस दौरान महिला थाना में ही दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गयी। इसमें लड़की की मां के हाथ में चोट आयी है।

इस बीच महिला थाना में तैनात पुलिस जवानों और महिला कॉन्स्टेबल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

इस दौरान लड़की बार-बार यही कह रही थी कि उसने स्वेच्छा से अपने प्रेमी से शादी की है। किसी तरह का कोई दबाव उसके ऊपर नहीं है।

महिला थाना प्रभारी विशाखा कुमारी ने बताया कि प्रेमी जोड़ा सुदामडीह का रहनेवाला है।

कुछ दिन पहले लड़की की मां सुदामडीह थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उसी को लेकर सोमवार को महिला थाना में प्रेमी-प्रेमिका ने सरेंडर किया।

इस दौरान लड़की की मां ने बेटी को काफी समझाने का प्रयास किया। इसी बीच हो सकता है नोकझोंक हुई होगी, लेकिन इस मामले पर पुलिस अभी जांच कर रही है।

Share This Article