जमशेदपुर: बरमामाइंस ट्यूब गेट के सामने मंगलवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची।
कार्रवाई का विरोध करते हुए 50 से अधिक छोटे दुकानदार सड़क पर उतर आए और बांस के सहारे रास्ता रोक दिया। विरोध के बाद कंपनी की टीम बिना कार्रवाई किए मौके से लौट गई।
दुकानदारों का कहना है कि उन्हें दुकान लगाने के लिए जेएमडी से मैनिफेस्ट जाने वाले रास्ते में जगह उपलब्ध कराई गई है, लेकिन निर्धारित जगह सड़क के बिल्कुल किनारे है। उनका कहना है कि इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।
दुकानदारों ने मांग की है कि दुकान लगाने के लिए निर्धारित स्थान को थोड़ा पीछे किया जाए, ताकि सड़क से पर्याप्त दूरी बनी रहे और वे सुरक्षित तरीके से दुकान चला सकें। दुकानदारों के मुताबिक, उन्होंने सोमवार को भी टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट के सामने यह मांग रखी थी।
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी बंटी सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों से बातचीत की। दुकानदारों ने उन्हें अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। विरोध-प्रदर्शन के बाद फिलहाल टाटा स्टील की टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई।



