झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो लोग डूबे, तीन अन्य लापता

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका : झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुमका जिले में धोबे नदी पर बने ‘चेक डैम’ में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। उसने बताया कि यह घटना रविवार को हंसडीहा थाना क्षेत्र में हुई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के भाटिन गांव निवासी उमेश कुमार (18) और टेटरियाडीह गांव निवासी अभिजीत कुमार (16) के तौर पर हुई है। हंसडीहा थाना के प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया, ‘‘स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।’’

एक अधिकारी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले में दो किशोर खरकई नदी में बने चेक डैम में बह गए और उनकी तलाश के लिए सोमवार को रांची से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम जिले में पहुंची।
उन्होंने बताया कि आरआईटी पुलिस थाना क्षेत्र के मिरुडीह निवासी एवं 17 और 18 साल के दो किशोर रविवार को आसंगी के चेक डैम में नहाने के लिए गए थे।

अधिकारी ने बताया कि पानी का स्तर बढ़ने के कारण बहाव तेज था और वे दोनों बह गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में अन्य घटना में रविवार शाम पोटका थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुर्रा नदी में 20 साल का एक युवक डूब गया।

उसने बताया कि पीड़ित की पहचान राजीव कुमार सिंह के तौर पर की गई है और वह नरवा पहाड़ के पास पहाड़डांगा में अपने पांच दोस्तों के साथ गया था। वहां पर वह नहाने के लिए नदी में उतरा लेकिन तेज बहाव में बह गया। पुलिस ने बताया कि दोस्तों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी लेकिन अंधेरा होने की वजह से तत्काल तलाश अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
पोटका पुलिस थाना के प्रभारी सनी टोप्पो ने बताया कि तलाशी अभियान चल रहा था, लेकिन राजीव का कोई पता नहीं चला।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।